जनवरी 2026 में प्रवेशित विद्यार्थियों का इग्नू ने किया परिचय सत्र स्थापित
पुखरायां कानपुर देहात कस्बा स्थित रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय पुखरायां कानपुर देहात में संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र 27211 के समन्वयक डॉ पर्वत सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 सत्र में इग्नू के स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा एवं पीजी डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश

कानपुर देहात। पुखरायां कानपुर देहात कस्बा स्थित रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय पुखरायां कानपुर देहात में संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र 27211 के समन्वयक डॉ पर्वत सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 सत्र में इग्नू के स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा एवं पीजी डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के साथ आज इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के अधिकारियों ने गूगल मीट के माध्यम से विद्यार्थियों से परिचय करते हुए कोर्स को निर्धारित समय में कंप्लीट करने के लिए किन-किन महत्वपूर्ण बातों पर बल देना है इस पर संवाद स्थापित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ अनिल कुमार मिश्रा ने करते हुए कहा कि इग्नू अपने प्रत्येक विद्यार्थी के कैरियर के प्रति हमेशा सजक रहता है इसके लिए विद्यार्थी को हर वह सहायता सेवाएं प्रदान की जाती हैं जिससे विद्यार्थी का ज्ञान संवर्धन के साथ रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सके। डॉ मिश्रा ने कहा कि इग्नू मुक्त, दूरस्थ एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कार्य करके इग्नू के अपने मूल उद्देश्य जन-जन के विश्वविद्यालय को साकार कर रहा है।
निदेशक डॉ रीना कुमारी ने अध्ययन से लेकर परीक्षा फॉर्म भरने एवं डिग्री प्राप्त करने के दौरान प्रयोग में लाए जाने वाले समस्त प्रपत्र, पत्राचार एवं वेबसाइट के प्रयोग पर विस्तार से चर्चा की। निदेशक डॉ अनामिका सिन्हा ने विद्यार्थी सहायता प्रयोग में लाए जाने वाली इग्नू की वेबसाइट एवं विभिन्न लिंक के प्रयोग पर बल देते हुए विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम का संचालन निदेशक डॉ जयप्रकाश वर्मा ने करते हुए स्टार्टअप, इनोवेशन एवं रोजगार मेला पर चर्चा करते हुए बताया कि ऐसे विद्यार्थी जिनके अंदर कोई हुनर है उनके इस हुनर को प्रयोग में लाने के लिए इग्नू स्टार्टअप का प्रशिक्षण कराता है जिससे विद्यार्थी रोजगार पाने वालों की कतार से रोजगार देने वालों की कतार में खड़ा हो सके, साथ ही वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराने का कार्य करता है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ पर्वत सिंह ने अध्ययन केंद्र में उपलब्ध कराई जा रही विद्यार्थी सहायता सेवा एवं केंद्र की समय सारणी पर बात करते हुए कहा कि अध्ययन केंद्र प्रातः 10:00 बजे से 5:00 बजे तक विद्यार्थी सहायता हेतु खुलता है इस समय पर कोई भी इग्नू का विद्यार्थी आकर अपनी किसी भी जानकारी को हासिल कर सकता है साथ ही कहा कि अध्ययन केंद्र इग्नू के प्रत्येक विद्यार्थी के कोर्स से संबंधित काउंसलिंग क्लास उपलब्ध कराने का कार्य करता है।
इस अवसर पर विभिन्न अध्ययन केंद्र के समन्वयक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।



