सिकंदरा में सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में कानपुर औरैया रोड पर दयानतपुर गांव के पास गुरुवार देर रात तेज रप्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया

- सिकंदरा क्षेत्र में हुआ हादसा
- पुलिस जांच में जुटी
सिकंदरा।कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में कानपुर औरैया रोड पर दयानतपुर गांव के पास गुरुवार देर रात तेज रप्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।मृतक की पहचान ऊधवपुर निवासी 42 वर्षीय सर्वेश राजपूत के रूप में हुई है।सर्वेश अपने बीमार पिता हाकिम सिंह को कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहे थे।जैसे ही वह दयानतपुर गांव के पास नेशनल हाइवे पर पहुंचे तभी पीछे से आ रही एक तेज रप्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि सर्वेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल सर्वेश को उपचार के लिए सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।जहां मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।वहीं घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।पुलिस हादसे में शामिल कार और उसके चालक की तलाश कर रही है।अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



