कानपुर देहात

जमीन विवाद को लेकर स्वयं को आग लगाने वाले परिवार की दूसरी बच्ची की भी मौत

कानपुर देहात के मूसानगर थानाक्षेत्र में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में एक व्यक्ति द्वारा परिवार सहित आग लगाने की घटना में झुलसी दूसरी बच्ची की केजीएमयू लखनऊ में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में माता-पिता सहित छह बच्चे झुलसे थे।

मूसानगर कानपुर देहात। कानपुर देहात के मूसानगर बांगर गांव में विवादित जमीन के मामले में गुरुवार को कब्रिस्तान की देखरेख करने वाले गुलफाम ने परिवार सहित आग लगा ली थी। इसमें उसके छह बच्चों समेत पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए थे। लखनऊ में उपचार के दौरान सबसे छोटी बच्ची सितारा की भी मौत हो गई है। वहीं इससे पहले सितारा की बड़ी बहन चांदतारा की मौत हो चुकी है।

मूसानगर थाना क्षेत्र के बांगर गांव में मुगल रोड पर कब्रिस्तान की जमीन पर भाजपा नेता व उनके भाई के द्वारा निर्माण कराया जा रहा था। कब्रिस्तान की देखभाल करने वाले गुलफाम ने इसका विरोध किया था। सुनवाई न होने पर गुलफाम ने गुरुवार को पत्नी अजमेरी, 11 वर्षीय बच्ची महजबी, 10 वर्षीय आतिफ, सात वर्षीय मसीहा, छह वर्षीय मोहिना, पांच वर्षीय चांदतारा व डेढ़ वर्षीय पुत्रीय सितारा के साथ विवादित जगह पर ही आग लगा ली थी। मामले में गंभीर रूप से झुलसे सभी आठ लोगों को जिला प्रशासन की ओर से जिला अस्पताल भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उर्सला से केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में उपचार के दौरान रविवार को पांच वर्षीय मासूम चांद तारा की मौत हो गई थी। वहीं मंगलवार को डेढ़ वर्षीय सितारा की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी गांव पहुंचने पर दिवंगत के बाबा हमीद व परिवार के अन्य सदस्य बिलखते रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

AD
Back to top button