कानपुर में किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का महाखुलासा: 4 अस्पताल संचालकों समेत 6 गिरफ्तार
गिरफ्तार अभियुक्तों में 4 निजी अस्पतालों के संचालक भी शामिल।

कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में मानवता को शर्मसार करने वाले एक बड़े किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के कड़े निर्देशों पर काम करते हुए थाना रावतपुर और पश्चिम जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर इस काले कारोबार की कमर तोड़ दी है। पुलिस ने इस मामले में 4 अस्पताल संचालकों सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी वेस्ट और एसीपी कल्याणपुर के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी ने शहर के चिकित्सा जगत में हड़कंप मचा दिया है। शुरुआती जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिनसे पता चला है कि शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों में अब तक लगभग 40 से 50 अवैध किडनी ट्रांसप्लांट किए जाने की आशंका है। पुलिस की रडार पर अब इस रैकेट में शामिल 4 बड़े डॉक्टर भी हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से पूछताछ में इस नेटवर्क के गहरे तारों का पता चला है, जो सीधे तौर पर मासूमों की मजबूरी का फायदा उठाकर मानव अंगों की तस्करी में शामिल थे। पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुँचने के लिए गहनता से जांच कर रही है ताकि इसमें संलिप्त अन्य सफेदपोश चेहरों और संस्थानों को बेनकाब किया जा सके।
ये भी पढ़े- भगवामय होगा कानपुर देहात: स्थापना दिवस पर हर घर झंडा फहराएंगे भाजपा कार्यकर्ता – रेणुका सचान



