अकबरपुर नगर में जर्जर हो गए विद्युत खंबे कभी भी बड़े हादसे को दे सकते अंजाम: ऋषि पुरवार
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी शिकायत लेकर पहुंचे डीएम कार्यालय

सुशील त्रिवेदी,कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अकबरपुर नगर अध्यक्ष ऋषि पुरवार ने कहा है कि
कानपुर देहात की प्रमुख नगर पंचायत अकबरपुर जहां अनेक वार्डों में विद्युत सप्लाई के लिए लगाए गए खंबे जर्जर हो चुके हैं और कुछ तो झुके हुए हैं जिनके कभी भी तेज आंधी तूफान में गिर जाने का खतरा है और जन हानि के साथ सम्पत्ति के नुकसान का डर नागरिकों को सता रहा है।
समस्या को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारी जिलाधिकारी कानपुर देहात कपिल सिंह से मिलने कार्यालय पहुंचे तथा समस्या के समाधान की मांग से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा । उन्होंने बताया कि अकबरपुर नगर जनपद मुख्यालय का नगर है जहां शिक्षा चिकित्सा राजस्व आदि सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए आवागमन करते हैं।
नगर में मुख्य मार्ग सहित नेहरू नगर ,गांधीनगर,नया गंज के मार्गों पर विद्युत आपूर्ति को लेकर लगाए गए खंबे अब पुराने हो चले हैं उनमें से कई तो झुक गए हैं या जंग लग गई है जिनके कभी भी गिरने का डर बना रहता है। इस अवसर पर महामंत्री निखिल साहू, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र राजपूत, अमन गुप्ता ,सचिन गुप्ता ,दिलीप ओमर, अमित कौशल, सौरभ पुरवार ,आकाश ओमर और अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।



