कानपुर देहात में एक बार फिर बिजली विभाग की लापरवाही से किसान की गई जान
खेत जा रहे किसान को लगा करंट,मौत

पुखरायां।कानपुर देहात के देवराहट थाना क्षेत्र के प्रेमपुर गांव में बुधवार शाम करीब पांच बजे खेत जा रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई।बताया जा रहा है कि रास्ते में नीचे लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से किसान दुर्गाप्रसाद को करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच पड़ताल की।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीणों में भी बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है।परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे थे।जिसकी शिकायत संबंधित विभाग से कई बार की गई थी लेकिन तारों को ठीक नहीं कराया गया।उनका कहना था कि यदि समय रहते बिजली के तारों की मरम्मत कर दी गई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
परिजनों ने दोषी बिजली कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही किए जाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा राशि दिए जाने की मांग की है।फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और लापरवाही की स्थित स्पष्ट हो सकेगी।



