रिटायरमेंट के दिन ही मिलेंगे शिक्षकों को सभी देयक, बीएसए ने जारी किए सख्त निर्देश
31 मार्च 2027 को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों की पेंशन, जीपीएफ व बीमा भुगतान हेतु कार्ययोजना तैयार; लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा परिषद के वित्त नियंत्रक राकेश सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में जनपद के शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के दिन ही उनके समस्त वित्तीय लाभ दिलाने की कवायद तेज हो गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि आगामी 31 मार्च 2027 को सेवानिवृत्त होने वाले जनपद के सभी परिषदीय शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की पेंशन, जीपीएफ व सामूहिक बीमा राशि के समयबद्ध भुगतान के लिए विभागीय स्तर पर ठोस कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि वित्त नियंत्रक के निर्देशानुसार सेवानिवृत्ति से 6 माह पूर्व जीपीएफ की कटौती बंद कर पासबुक और लेजर का मिलान हर हाल में पूरा करा लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त अंतिम बीमा किस्त की कटौती कर भुगतान का प्रस्ताव भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय प्रयागराज को समय से भेजा जाएगा ताकि रिटायरमेंट की तिथि तक बीमा राशि का निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों (पुरानी पेंशन और एनपीएस दोनों से आच्छादित) के पेंशन प्रपत्र समय से पूर्ण कराकर वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने संबंधित पटल सहायकों और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों की पत्रावलियों की स्वीकृति और भुगतान की कार्यवाही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बीएसए ने दो टूक कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी जिससे सेवानिवृत्ति के बाद किसी भी शिक्षक या कर्मचारी को अपने देयकों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।



