नौकरी के नाम पर हुई ठगी का कानपुर देहात पुलिस ने किया खुलासा, शिवली पुलिस ने वापस कराए ₹23,208
प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक कराया रिफंड।

कानपुर देहात: साइबर ठगों के मकड़जाल में फंसे एक युवक के लिए शिवली पुलिस फरिश्ता बनकर सामने आई है। एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुए मुनेश कुमार यादव के चेहरे पर उस वक्त मुस्कान लौट आई, जब पुलिस की सक्रियता से उनके डूबे हुए ₹23,208 वापस मिल गए।
मामला शिवली थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव का है, जहां मुनेश कुमार को अज्ञात ठगों ने नौकरी का झांसा देकर शिकार बनाया था। पीड़ित ने सितंबर 2025 में साइबर हेल्प डेस्क शिवली में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम ने तकनीकी जांच और त्वरित पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप ठगी गई पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस आ गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर मुनेश कुमार ने कानपुर देहात पुलिस का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़े- आरक्षी स्वर्गीय केशव यादव को पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई ।



