पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं खुला किशोर की मौत का राज,बिसरा सुरक्षित
कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के बहमनौती गांव में बीते बुधवार को एक 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित किया गया

पुखरायां।कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के बहमनौती गांव में बीते बुधवार को एक 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित किया गया।परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।मृतक की पहचान इस्लाम अली के पुत्र इमरान के रूप में हुई है।बहमनौती गांव निवासी शमशीदा खातून ने बताया कि उनके 16 वर्षीय पुत्र इमरान की मंगलवार रात अचानक तबियत बिगड़ गई।उसने पेट में दर्द होने की शिकायत की।परिजन उसे उपचार के लिए पहले गांव के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए।जहां उसका उपचार किया गया।परंतु हालत में सुधार न होने पर इमरान को उपचार के लिए अकबरपुर अस्पताल लिए जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।इमरान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।घटना के बाद परिजन शव लेकर बरौर थाने पहुंचे और गांव के तीन लोगों पर इमरान को जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया।उन्होंने मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की।परिजनों ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराए जाने का भी अनुरोध किया ताकि मृत्यु के सटीक कारणों का पता लग सके।जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित कर लिया गया।पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।थाना प्रभारी राहुल कुमार ने गुरुवार को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।मामले की गहनता से जांच की जा रही है।जांचकर उचित कार्यवाही की जाएगी।



