भाई की मौत के गम में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
रनियां के चिराना गांव की घटना, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कानपुर देहात, रनिया: रनिया थाना क्षेत्र के चिराना गांव में बुधवार को एक युवक ने घर से कुछ दूरी पर जामुन के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय महेंद्र सिंह, पुत्र तेज सिंह, के रूप में हुई है, जो रनिया स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। मृतक के साले विनोद सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पहले उनके बड़े भाई की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद से वह गुमसुम रहने लगे थे। बुधवार की सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए और घर से करीब 500 मीटर दूर एक जामुन के पेड़ से रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
खेतों की ओर गए लोगों ने जब शव को पेड़ से लटका देखा तो उन्होंने परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी नीरज देवी और बेटों कुलदीप सिंह व सूरज सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।
रनिया थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि उन्हें इस घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, और जानकारी मिली है कि मृतक अधिक शराब का सेवन करता था और भाई की मौत के गम में था। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े- पूर्व मंत्री प्रतिनिधि सुमित सचान ने भागवत कथावाचक विशाखा सखी का किया भव्य स्वागत



