बड़ी खबर: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, NEET-UG विवाद और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच लिया फैसला; कहा- “युवाओं का भविष्य राजनीति में न उलझे”
उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे कुछ व्यक्तियों द्वारा भ्रम फैलाकर बाधा डालने की कोशिश की गई।

नई दिल्ली/कानपुर देहात, 25 जुलाई 2026। देश की शिक्षा व्यवस्था और करोड़ों छात्रों से जुड़े सबसे बड़े मुद्दे पर एक ऐतिहासिक घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश के युवाओं, छात्रों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है और अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया है। अपने भावुक व कड़े संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि वे नहीं चाहते कि देश की युवाशक्ति भ्रम के कुचक्र में फंसे या जंतर-मंतर पर बनी स्थिति का कोई राष्ट्रविरोधी ताकतें गलत फायदा उठाएं।
अपने वक्तव्य में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बीते 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं पर सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच सीबीआई (CBI) को सौंपी, परीक्षा को रद्द कर पुनः पारदर्शी तरीके से 21 जून को आयोजित कराया। इसके साथ ही अगले वर्ष से इस परीक्षा को सीबीटी (Computer-Based Test) मोड में कराने का भी बड़ा फैसला लिया गया। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को घोषित नीट-यूजी के परिणाम संतोषजनक रहे, जिसमें गरीब और मेधावी छात्रों को भी सफलता मिली।
शिक्षा मंत्री ने कहा, “मैंने पहले ही दिन से इस पूरी परिस्थिति की नैतिक जिम्मेदारी ली और किसी भी मेधावी छात्र का भविष्य परीक्षा माफिया के कारण खराब न हो, इसके लिए निरंतर कार्य किया।” हालांकि, उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जिम्मेदार पदों पर बैठे कुछ व्यक्तियों द्वारा भ्रम फैलाकर बाधा डालने की कोशिश की गई।
उन्होंने आगे कहा कि जंतर-मंतर और देश भर में बनी मौजूदा स्थिति का लाभ कोई देशविरोधी ताकत न उठाए, देश की एकता बनी रहे और किसी भी विद्यार्थी का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में न उलझे—ताकि बच्चे अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान केंद्रित कर सकें—इसी बात पर विचार करते हुए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभु श्रीजगन्नाथ जी के आशीर्वाद से वे भविष्य में भी भारत माता, ओडिशा की जनता और देश के युवाओं की सेवा में सदैव समर्पित रहेंगे।



