कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

जनस्वास्थ्य के प्रति सजग पुखरायां नगर पालिका: पेयजल की गुणवत्ता जांचने को चलाया विशेष अभियान, 16 नलकूपों के सैंपल जल निगम माती भेजे

संचारी व जलजनित रोगों पर अंकुश लगाने को ईओ सुनील कुमार सिंह की अनूठी पहल, यूजर एंड प्वाइंट पर ओटी टेस्ट और क्लोरीन डोजिंग से हर घर पहुंचेगा स्वच्छ पानी

पुखरायां (कानपुर देहात)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद पुखरायां शहरवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं रोगमुक्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता से जुटी हुई है। पालिका प्रशासन द्वारा जलजनित बीमारियों को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से नगर के सभी पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच का वृहद अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी चौतरफा सराहना हो रही है।

16 नलकूपों के पानी की लैब जांच और इंडिया मार्क-2 हैंडपंपों का टीडीएस टेस्ट

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (EO) सुनील कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में पालिका द्वारा संचालित सभी 16 नलकूपों से प्राप्त पेयजल के नमूनों को एकत्रित कर परीक्षण हेतु अधिशासी अभियंता कार्यालय, जल निगम (माती, कानपुर देहात) भेजा गया है। इसके साथ ही नगर पालिका सीमा क्षेत्र में स्थापित सभी इंडिया मार्क-2 हैंडपंपों से होने वाली जलापूर्ति का टीडीएस (TDS) मीटर से स्थलीय परीक्षण कराया जा रहा है, जिससे पानी में घुले हुए खनिज, लवण एवं धातुओं की मात्रा का सटीक आकलन कर नागरिकों को मानक के अनुरूप जल मिल सके।

गठित टीम करा रही क्लोरीन डोजिंग, यूजर एंड प्वाइंट पर ओटी टेस्ट का आदेश

ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि संचारी रोगों से बचाव हेतु नगर पालिका द्वारा एक समर्पित टीम का गठन किया गया है। यह टीम सभी नलकूपों से ब्लीचिंग/क्लोरीन डोजिंग किए हुए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करा रही है। इतना ही नहीं, घरों के नलों तक क्लोरीन की सही मात्रा पहुँच रही है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए यूजर एंड प्वाइंट पर ओ०टी० (OT) टेस्ट के माध्यम से जांच कराने के सख्त आदेश जारी किए गए हैं।

 

अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि “नागरिकों का स्वास्थ्य और सुरक्षा पुखरायां नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” संचारी रोगों की रोकथाम के लिए पालिका की यह दूरदर्शी और तत्पर कार्यशैली न केवल जलजनित बीमारियों पर लगाम लगाएगी, बल्कि अन्य निकायों के लिए भी जनसेवा का एक बेहतरीन उदाहरण पेश कर रही है।

Related Articles

AD
Back to top button