उत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

बस्ती में दिखा क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच: आखिरी गेंद पर लीगल लायंस ने जीता ज्यूडिशियल क्रिकेट टूर्नामेंट

मैन ऑफ द मैच जैनेन्द्र यादव और मैन ऑफ द सीरीज योगेश प्रताप सिंह ने बिखेरा जलवा, जिला जज ने की लाइव कमेंट्री

बस्ती। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जनपद बस्ती में आयोजित ज्यूडिशियल इम्प्लाइज क्रिकेट प्रतियोगिता का निर्णायक मुकाबला रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुँच गया। इस भव्य प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय जनपद न्यायाधीश बस्ती द्वारा किया गया। फाइनल मुकाबले में ज्यूडिशियल स्ट्राइकर्स और लीगल लायंस की टीमें आमने-सामने थीं, जहाँ दर्शकों को अंत तक यह पता नहीं चल सका कि बाजी किसके हाथ लगेगी।

मैच के दौरान ज्यूडिशियल स्ट्राइकर्स की ओर से कप्तान जैनेन्द्र यादव ने मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने 4 छक्कों और 6 चौकों की मदद से शानदार 61 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। जवाब में लीगल लायंस की तरफ से कप्तान अमित कुमार ने मोर्चा संभाला और 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुँचाया। मैच का फैसला अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर हुआ जब लीगल लायंस को 11 रनों की दरकार थी। रफीक के बल्ले से निकले विजयी रन ने लीगल लायंस को चैंपियन बना दिया।

पूरे टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले योगेश प्रताप सिंह को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया, जिन्होंने प्रतियोगिता में कुल 196 रन बनाने के साथ ही 7 विकेट भी झटके। इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह रही कि माननीय जिला जज महोदय ने स्वयं कमेंट्री बॉक्स की कमान संभाली, जिसमें अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रमोद कुमार गिरी ने सहयोगी कमेंटेटर के रूप में उनका साथ दिया।

इस गौरवशाली अवसर पर मुख्य दंडाधिकारी आशीष राय, सिविल जज संदीप, तनय आकाश, पीयूष कुमार सहित मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव और केंद्रीय नाजिर अमित श्रीवास्तव उपस्थित रहे। बार एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष अजय कुमार सिंह और मंत्री मारुत शुक्ल सहित अनेक अधिवक्ता और न्यायालय कर्मचारी मैच के गवाह बने। आयोजन को सफल बनाने में भागवत शुक्ल, जैनेन्द्र यादव और उनकी पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने अंत में सभी खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

 

Related Articles

AD
Back to top button