बालवाटिका को संसाधनों से युक्त कर रही सरकार : राहुल तिवारी मीनू
संदलपुर विकासखंड की हमारा आंगन हमारे बच्चे कार्यशाला संपन्न

- प्रशस्ति पत्र व स्टेशनरी देकर 50 निपुण बच्चों को किया गया सम्मानित
संदलपुर। विकसित भारत 2047 की नींव आज के आंगनबाड़ी केंद्रों में तैयार हो रही है। प्री प्राइमरी बच्चों को भी शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी कायाकल्प के माध्यम से बाल मैत्रिक और बाल सुलभ बनाया जा रहा है। आंगनवाड़ी को बालवाटिका के रूप में विकसित कर वहां संसाधनों में वृद्धि की जा रही है।
यह विचार संदलपुर में खंड विकास अधिकारी कार्यालय में स्थित सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित हमारा आंगन हमारे बच्चे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ब्लॉक प्रमुख राहुल तिवारी ‘मीनू’ ने रखे। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि निपुण भारत मिशन के तहत पिछले 4 वर्षों से लगातार विद्यालय तैयारी और बाल्यावस्था देखभाल कार्यक्रम की सहायता से बच्चों के लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित दक्षताओं को प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिसकी परिणति यह है कि आज विकासखंड में 39 विद्यालय निपुण घोषित हो गए हैं। एसआरजी अनंत त्रिवेदी ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में नोडल शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकत्री व सहायिका के माध्यम से बाल वाटिका की कक्षाएं संचालित है। वर्तमान सत्र में स्कूल रेडीनेस फेस वन 15 दिसंबर से संचालित है। निपुण लक्ष्य हासिल करने वाले ऐसे बालवाटिका, कक्षा एक एवं कक्षा दो में पढ़ने वाले 50 बच्चों और नोडल शिक्षकों को आज यहां सम्मानित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि, खंड शिक्षा अधिकारी व एसआरजी द्वारा प्रत्येक न्याय पंचायत के पांच पांच बच्चों कुल 50 बच्चों को प्रशस्ति पत्र, स्टेशनरी व पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी आशुतोष शुक्ला, एआरपी बृजेश सिंह राजावत, पंकज शंखवार, नेहा कटियार, राकेश कुमार, दीपक कटियार, निर्मल शर्मा, वीरेंद्र कुमार, यादुवेंद्र सिंह, मोहम्मद कैफ, नवीन कटियार, रीता शर्मा, महेंद्र वर्मा, आयुष चौधरी आईसीडीएस से सुपरवाइजर और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सहायक और कार्यकर्ती उपस्थित रही।



