बुद्धिमत्ता परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान पाने वाले छात्र/छात्राओं को ‘एक उम्मीद सेवा समिति’ ने दिए प्रमाण पत्र
भोगनीपुर क्षेत्र के ब्लॉक मलासा के कंपोजिट विद्यालय सुखसौरा में सोमवार को 'एक उम्मीद जनकल्याण सेवा समिति' ने छात्र-छात्राओं के ज्ञान संवर्धन के लिए एक बुद्धिमत्ता परीक्षा का आयोजन किया। समिति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र

- सामान्य ज्ञान एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हिस्सा लेने वाले छात्र-छात्राओं का होता है सर्वांगीण विकास: अश्वनी कटियार (एआरपी)
भोगनीपुर (कानपुर देहात)। भोगनीपुर क्षेत्र के ब्लॉक मलासा के कंपोजिट विद्यालय सुखसौरा में सोमवार को ‘एक उम्मीद जनकल्याण सेवा समिति’ ने छात्र-छात्राओं के ज्ञान संवर्धन के लिए एक बुद्धिमत्ता परीक्षा का आयोजन किया। समिति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और शिक्षण सामग्री देकर सम्मानित किया।
‘एक उम्मीद जनकल्याण सेवा समिति’ राष्ट्रीय सचिव दीक्षा यादव के निर्देशन में विभिन्न सामाजिक कार्यों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के शैक्षिक स्तर को बढ़ाने के उद्देश्य से यह परीक्षा सुखसौरा विद्यालय में समिति के जिला उपाध्यक्ष महेंद्र पाल की देखरेख में आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अश्वनी कटियार (एआरपी) और अन्य अतिथियों को विद्यालय परिवार की ओर से बैच लगाकर सम्मानित किया गया। बुद्धिमत्ता परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र व शिक्षण सामग्री देकर सम्मानित भी किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि अश्वनी कटियार एआरपी ने अपने संबोधन में कहा कि सामान्य ज्ञान की जानकारी होना बहुत जरूरी है। ऐसी परीक्षाओं के आयोजन से छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है। शिक्षक आलोक श्रीवास्तव ने ‘एक उम्मीद जनकल्याण सेवा समिति’ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समिति शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी परीक्षाओं का आयोजन करके ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
समिति के जिला उपाध्यक्ष महेंद्र पाल ने कहा कि ‘एक उम्मीद जनकल्याण सेवा समिति’ ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब बच्चों को आगे बढ़ाकर उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि समिति आगे भी निरंतर अधिक से अधिक स्कूल, कॉलेजों में ऐसी परीक्षाएं आयोजित करने का काम करेगी। अंत में संस्था के द्वारा अन्य उपस्थित छात्र-छात्राओं को भी कॉपी, पेंसिल, कलर, रबर आदि शैक्षिक सामग्री निःशुल्क वितरित की गई। शैक्षिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार, शिक्षक आलोक श्रीवास्तव, शिक्षामित्र सर्वेन्द्र कुमार तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



