भाई दूज को स्थानीय अवकाश घोषित, बंद रहेंगे सभी शैक्षणिक और सरकारी संस्थान
जनपद में 5 मार्च 2026 को भाई दूज के उपलक्ष्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है

सुशील त्रिवेदी अमन यात्रा ब्यूरो,कानपुर देहात। जनपद में 5 मार्च 2026 को भाई दूज के उपलक्ष्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन सभी शैक्षणिक और सरकारी संस्थान बंद रहेंगे। यह आदेश जिलाधिकारी कार्यालय से जारी किया गया है।
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशानुसार अन्य विभागों के प्रमुखों ने अपने-अपने स्तर से आदेश जारी किए हैं। विभिन्न शिक्षक संगठनों द्वारा जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर होली पर्व के उपरांत आने वाले भाई दूज के त्यौहार पर अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया था। शिक्षक संगठनों की इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए प्रशासन ने छुट्टी की मंजूरी दे दी है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालय, मान्यता प्राप्त विद्यालय, सहायता प्राप्त विद्यालय, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल पर अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया है तो वहीं अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी 5 तारीख को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।



