कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर हेल्थकेयर पर धब्बा: मधुराज हॉस्पिटल में जानलेवा लापरवाही का आरोप

उत्तर प्रदेश शासन द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकार राघव अग्निहोत्री ने सीएम योगी से की जांच की मांग

कानपुर नगर: जनपद के स्वरूप नगर स्थित मधुराज हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकार राघव अग्निहोत्री (पुखरायां, कानपुर देहात निवासी) ने हॉस्पिटल प्रशासन पर उनकी बेटी वैष्णवी के इलाज में घोर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर के समय पर न आने और जानबूझकर रेफर न करने के कारण उनकी बेटी की जान खतरे में पड़ गई और उनके भाई का पैर फ्रैक्चर हो गया।

राघव अग्निहोत्री ने बताया कि 09/11/2025 (रविवार) को उनकी पुत्री वैष्णवी को ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण तबीयत बिगड़ने पर मधुराज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं, सिक्योरिटी फीस जमा की गई और उनकी बेटी स्टार हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी से आच्छादित थी।

डॉक्टर नदारद, सिर्फ नींद की दवा

पीड़ित पत्रकार ने आरोप लगाया कि भर्ती करने के कई घंटे बीतने के बावजूद कोई डॉक्टर देखने नहीं आया। उन्होंने कहा कि स्टाफ सिर्फ नींद और बेहोशी की दवा देकर बच्ची को सुलाने का काम करता रहा, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। उन्होंने न्यूरो सर्जन डॉक्टर अमित गुप्ता के आने के संबंध में पूछा, तो उन्हें टाल दिया गया।

रात करीब आठ बजे जब मरीज की हालत बहुत ज्यादा खराब हो गई, तो उन्होंने फिर से न्यूरो डॉक्टर को बुलाने की गुहार लगाई, लेकिन प्रशासन ने कोई सुनवाई नहीं की। रात दस बजे तक भी कोई डॉक्टर न आने पर उन्होंने बेटी को दूसरे हॉस्पिटल में रेफर करने के लिए कहा। आरोप है कि स्टाफ ने यह कहकर रेफर करने से मना कर दिया कि आज रविवार है और डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं, साथ ही जबरन फाइल खींचने का भी प्रयास किया।

जल्दबाजी में हादसा, भाई का पैर टूटा

बेटी की गंभीर हालत को देखते हुए राघव अग्निहोत्री उसे अस्पताल से निकालने लगे। जब वह लिफ्ट की तरफ गए, तो स्टाफ ने दोनों लिफ्ट बंद कर दीं। इसके बाद उनके भाई अमन तिवारी बच्ची को गोद में उठाकर सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरने लगे। इसी अफरा-तफरी में भाई का पैर फिसल गया और वह बेटी समेत सीढ़ियों पर गिर गए। इस हादसे में अमन तिवारी का पैर फ्रैक्चर हो गया और उनके पैर पर प्लास्टर चढ़ाया गया। किसी तरह वे हॉस्पिटल से बच्ची को बाहर निकाल पाए।

राघव अग्निहोत्री ने घटना के संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी है और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मधुराज हॉस्पिटल पर गंभीर लापरवाही की जांच कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा है कि उनकी बेटी की जान को कोई भी खतरा होने पर अस्पताल प्रशासन जिम्मेदार होगा।

Related Articles

AD
Back to top button