कानपुर देहात: श्रावण के तीसरे सोमवार पर बाणेश्वर मंदिर पहुंचीं एसपी श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश, संदिग्धों पर निगरानी के आदेश
कानपुर देहात: जनपद में श्रावण मास के तृतीय सोमवार को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। आज सोमवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने थाना रूरा क्षेत्र के ग्राम बनीपारा स्थित बाणेश्वर मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा पुलिस बल की ड्यूटी का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाए। यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद रहे।
ये भी पढे- सावन के तृतीय सोमवार पर घाटों की सुरक्षा व्यवस्था का अपर पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा



