कानपुर देहात में अरहर के खेत में संदिग्ध अवस्था में मिले अज्ञात बुजुर्ग के शव की हुई शिनाख्त
कानपुर देहात के अमराहट थाना क्षेत्र के बिलासपुर बांगर गांव में बुधवार सुबह अरहर के खेत में एक 76 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था।

- मानसिक रूप से अस्वस्थ थे मृतक, 10 जनवरी से थे लापता
कानपुर देहात के अमराहट थाना क्षेत्र के बिलासपुर बांगर गांव में बुधवार सुबह अरहर के खेत में एक 76 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और उसकी शिनाख्त में जुट गई थी।
देर शाम मृतक के पुत्र अवधेश कुमार ने थाने पहुंचकर मृतक की शिनाख्त अपने पिता कृपाणरायण मिश्रा उम्र करीब 76 वर्ष निवासी बहादुरपुर जिला औरैया के रूप में की।
अवधेश ने बताया कि उनके पिता कृपाणरायण मिश्रा एक अवकाश प्राप्त शिक्षक थे। उनके पिता की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। बीते 10 जनवरी की दोपहर करीब 12 बजे वह घर से निकले थे। जब देर शाम वह घर वापस नहीं पहुंचे तो उन्होंने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट औरैया कोतवाली में दर्ज कराई थी। परिजन लगातार बुजुर्ग की खोजबीन में जुटे हुए थे। सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों से उन्हें अपने पिता की मृत्यु की जानकारी हुई तो थाने पहुंचकर शिनाख्त की। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात शव की शिनाख्त कर ली गई है।



