कानपुर देहात: निष्ठा और ईमानदारी से सभी पी0आर0डी0 जवान करें अपनी ड्यूटी, पढे खबर
कानपुर देहात में सम्मेलन का सजीव प्रसारण, 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ
कानपुर देहात: प्रांतीय रक्षक दल (पी.आर.डी.) के जवानों के कल्याण, सम्मान एवं सुविधाओं में वृद्धि की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के क्रम में आज जनपद कानपुर देहात में महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन धरा गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के सम्मेलन तथा विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विकास कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में देखा गया। आयोजित कार्यक्रम में विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीरज रानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के हित में की गई घोषणाओं एवं विभिन्न विकास कार्यों के शुभारंभ को देखा और सुना। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम परवर पश्चिम में लगभग ₹23 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली बहुमंजिला पी.आर.डी. बैरक के शिलान्यास भी किया गया। बहुमंजिला बैरक के निर्माण से पी.आर.डी. जवानों को बेहतर आवासीय एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। यह पहल प्रदेश सरकार द्वारा पी.आर.डी. जवानों की कार्य परिस्थितियों और कल्याण को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने पी.आर.डी. कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ किया।
योजना के माध्यम से प्रांतीय रक्षक दल के जवानों एवं उनके पात्र आश्रितों को 05 लाख तक कि चिकित्सा संबंधी सुविधाओं में सहूलियत मिलेगी। कैशलेस चिकित्सा सुविधा पी.आर.डी. जवानों के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पूनम संखवार ने कहा कि प्रांतीय रक्षक दल के जवान विपरीत परिस्थितियों में पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, आपदा एवं विभिन्न शासकीय आयोजनों में पी.आर.डी. जवानों की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। सरकार द्वारा उनके कल्याण एवं सुविधाओं के लिए किए जा रहे प्रयास उनके मनोबल को बढ़ाने वाले हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी द्वारा भी सभी पी0आर0डी0 जवानों को अपनी पूर्ण अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवायें देने हेतु संदेश दिया।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि पी.आर.डी. के जवान प्रशासन की विभिन्न व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते हैं। उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के कारण प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संपादित करने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि जवानों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाना आवश्यक है। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने कहा कि पी.आर.डी. जवानों का योगदान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न शासकीय गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण है।
उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से वे और अधिक उत्साह एवं मनोयोग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी देवेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं पी.आर.डी. जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने प्रदेश सरकार द्वारा पी.आर.डी. जवानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी उनके कल्याण एवं सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही।
ये भी पढे- कानपुर: पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़कर हुआ 600 रुपये,पढे पूरी खबर



