युवाओं में नेतृत्व क्षमता जगाने को ‘मॉडल युवा ग्राम सभा’ पहल
युवाओं को सीधे लोकतंत्र से जोड़ने की पहल, प्रधान वीर सिंह ने दिल्ली में लिया प्रशिक्षण

नई दिल्ली: देश के पंचायती राज विभाग द्वारा विकसित भारत के लक्ष्य को साधने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाते हुए ‘मॉडल युवा ग्राम सभा’ पहल का राष्ट्रीय स्तर पर महत्वाकांक्षी शुभारंभ किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस दूरदर्शी सोच का उद्देश्य 2047 तक ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में नेतृत्व क्षमता उत्पन्न करके उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है।
इस महत्वपूर्ण शुरुआत के तहत, प्रत्येक जिले से दो-दो ग्राम प्रधानों को चयनित कर प्रशिक्षण हेतु नई दिल्ली स्थित अंबेडकर भवन भेजा गया था। इसी क्रम में, विकास खंड मलासा, कानपुर देहात से प्रधान गुढ़ा शेरपुर वीर सिंह ने भी इस राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पूरे प्रदेश से 200 से अधिक जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
‘मॉडल युवा ग्राम सभा’ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को किताबों से परे जाकर जमीनी स्तर पर लोकतंत्र और स्थानीय शासन से जोड़ना है। यह पहल उन्हें पंचायती राज प्रणाली से परिचित कराती है और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देती है। छात्रों को सिमुलेटेड ग्राम सभाओं में भाग लेने, गांव के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने और स्थानीय शासन की प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य के सशक्त नागरिक बन सकें। इस योजना के तहत, हर सरकारी विद्यालय में युवा ग्राम सभा का आयोजन करना भी शामिल है, जिससे छात्रों को गांव की समस्याओं को पहचानना और उनका समाधान तलाशना सिखाया जा सके। यह प्रयास युवाओं को सीधे लोकतंत्र से जोड़कर उन्हें विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर करने की एक दृढ़ पहल है।



