लखनऊ

यूपी बीजेपी कार्यसमिति तय करेगी चुनावी रणनीति, 15 मार्च को लखनऊ में जुटेंगे छह सौ से अधिक भाजपाई

भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश कार्यसमिति की 15 मार्च को प्रस्तावित बैठक में चुनावी रणनीति तय होगी। बैठक के दौरान पूरे लखनऊ शहर को भाजपामय बनाने का निर्णय लिया गया है। झंडे बैनर व होर्डिंग लगाने के साथ ही प्रमुख स्थानों पर सजावट की जाएगी।

लखनऊ,अमन यात्रा। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश कार्यसमिति की 15 मार्च को प्रस्तावित बैठक में चुनावी रणनीति तय होगी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा इसी माह होनी है, जबकि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। इस कारण कार्यसमिति की बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाली इस बैठक में जिला व क्षेत्रीय स्तर पर संगठन की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में प्रदेश भर से करीब 600 नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

बीजेपी कार्यसमिति बैठक की तैयारियां शुरू हो गई है। बैठक के दौरान पूरे लखनऊ शहर को भाजपामय बनाने का निर्णय लिया गया है। झंडे, बैनर व होर्डिंग लगाने के साथ ही प्रमुख स्थानों पर सजावट की जाएगी। कार्यसमिति बैठक स्थल के भीतर व बाहर की व्यवस्था, मंच सज्जा, पंजीकरण, आवास, भोजन व मीडिया सहित अन्य मुद्दों पर भी विचार किया गया। पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के मध्य कार्यविभाजन करते हुए दायित्व सौंपे गए। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

प्रधान पदों पर कार्यकर्ताओं को लड़ने के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित 
सत्ता में रहते हुए भारतीय जनता पार्टी के लिए मौजूदा पंचायत चुनाव अहम होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में जनाधार बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक सीटों पर भाजपा कार्यकर्ताओं को उतारा जाएगा। हालांकि पार्टी की ओर से केवल जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए ही समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी ग्राम पंचायतों में प्रधान पदों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
योगी सरकार के चार पूरे होने पर संगठन की ओर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। कार्यसमिति सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने का कार्यक्रम भी अंतिम रूप देगी।

 

छह सौ से अधिक जुटेंगे भाजपाई 

आगामी 15 मार्च को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाली भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 600 से अधिक कार्यकर्ताओं का जमावड़ा होगा। बैठक की तैयारी के लिए गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रमुख पदाधिकारियों को निर्देश दिए। जिलों से आने वाले नेताओं के आवास व परिवहन आदि व्यवस्था बेहतर करने को कहा गया। एक दिनी बैठक में संगठनात्मक समीक्षा होगी और पंचायत चुनाव की कार्ययोजना भी बनेगी। इससे पूर्व प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक मेरठ में गत अगस्त 2018 में आयोजित की गई थी। प्रदेश भाजपा की कमान तब डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के पास थी। कोरोना महामारी के कारण विलंब से हो रही कार्यसमिति की बैठक में 98 जिलाध्यक्ष व 42 जिला प्रभारियों के अलावा 14 महापौरों को भी आमंत्रित किया गया है।

Print Friendly, PDF & Email
AMAN YATRA
Author: AMAN YATRA

SABSE PAHLE

Related Articles

AD
Back to top button