रनियां तथा डेरापुर थाने में होली ईद को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न
थाना प्रभारी बोले शांति व सद्भावपूर्ण माहौल में मनाएं त्योहार,न फैलाएं अराजकता

पुखरायां।कानपुर देहात में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट नजर आ रहा है।इसी के दृष्टिगत गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने डेरापुर,रनियां थानों में संभ्रांत नागरिकों संग पीस कमेटी की बैठक आयोजित की।डेरापुर में बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी संजेश कुमार ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम व एकता का प्रतीक है।इसलिए इसे बिना किसी मनमुटाव के मिलजुलकर शांति व सद्भावपूर्ण माहौल में मनाएं।जुआं,शराब इत्यादि व्यसन से दूर रहें।थाना प्रभारी ने त्योहारों पर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की कड़ी चौकसी रहेगी।अराजकतत्वों को चेतावनी देते हुए उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि त्योहारों के दौरान अराजकता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्यवाही करेगी।उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन उनके साथ है।किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके।इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।वहीं रनियां थाने में थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।थाना प्रभारी ने बैठक में मौजूद लोगों से शांति व सद्भावपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने की अपील की।उन्होंने स्पष्ट किया कि त्यौहार के दौरान हुड़दंग करने वालों और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखेगा।बैठक में मौजूद सभी लोगों ने प्रशासन को सहयोग देने और शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने का आश्वासन दिया।इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य मौजूद रहे।वही उन्होंने त्योहारों पर कानून व्यवस्था चुस्त दुरस्त बनाए रखने के लिए देर शाम पुलिस टीम के साथ पैदल कस्बागस्त कर लोगो को सुरक्षा व्यवस्था का अहसास कराया।इस दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की गई।उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कानून व्यवस्था के दृष्टिगत भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।



