रनियां: बंद पड़ी फैक्ट्री में मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका
रनियां थाना क्षेत्र के चिटिकपुर में एक बंद पड़ी सरिया फैक्ट्री में आज एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव एक गहरे टैंक में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।

कानपुर देहात: रनियां थाना क्षेत्र के चिटिकपुर में एक बंद पड़ी सरिया फैक्ट्री में आज एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव एक गहरे टैंक में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस, सदर सीओ, और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
स्थानीय लोगों ने जब फैक्ट्री परिसर के अंदर बने एक गहरे गड्ढे में शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। उपनिरीक्षक देवेंद्र पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में सदर सीओ संजय वर्मा और इंस्पेक्टर शिवनारायण सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से शव को टैंक से बाहर निकाला गया। मृतक की उम्र करीब 45 साल बताई जा रही है, जिसने भूरे रंग का पैंट और सफेद शर्ट पहनी हुई थी। उसके पास से पहचान का कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई।
सदर सीओ संजय वर्मा ने बताया कि फिलहाल शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर छानबीन जारी है।
बंद पड़ी फैक्ट्री बनी खनन माफियाओं का अड्डा
कानपुर देहात: रनियां क्षेत्र में जिस बंद पड़ी सरिया फैक्ट्री में शव मिला, वह अब अवैध खनन माफियाओं का अड्डा बन चुकी है। यह फैक्ट्री बैंक के पास बंधक है, लेकिन वीरान पड़ी इस जगह पर दबंग खनन माफियाओं ने जगह-जगह मिट्टी खोदकर तालाब बना दिए हैं। वे यहां से मिट्टी और मलबा निकालकर मोटी कमाई कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को इसकी सूचना दी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दो दिन पहले भी यहां बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया गया था। इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ कानूनी रूप से गलत हैं, बल्कि इस वीरान जगह को और भी असुरक्षित बना रही हैं।



