रसूलाबाद की महिला का दिल्ली में शारीरिक शोषण,महिला ने लगाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट दर्ज,पुलिस बोली बंधक बनाने के आरोप मिथ्या, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र की एक महिला के साथ दिल्ली में यौन शोषण का मामला सामने आया है। महिला ने पांच महीने तक बंधक बनाकर शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़िता का कहना है कि एक व्यक्ति उसे फरीदाबाद ले जाने के बहाने दिल्ली ले गया।जहां पर उसे बंधक बनाकर रखा गया और लगातार शारीरिक संबंध बनाए गए।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब सात महीने पहले मुनेश कुमार नामक व्यक्ति उसके घर पर आया और कहा कि उसके पति ने उसे बच्चों समेत फरीदाबाद आने का संदेश भेजा है।मुनेश कुमार उसे फरीदाबाद छोड़ने का कहकर अपने साथ ले गया,परन्तु उसे फरीदाबाद न छोड़कर दिल्ली के कापर खेड़ा बॉर्डर पर ले गया।महिला का आरोप है कि दिल्ली में मुनेश कुमार ने उसे और उसके बच्चे को बंधक बनाकर रखा।इस दौरान आरोपी ने लगातार पांच माह तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे किसी से बात नहीं करने देता था और उस पर लगातार नजर बनाए रखता था।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मुनेश कुमार उसे देह व्यापार में धकेलना चाहता था।किसी तरह पड़ोस की एक महिला के सहयोग से आरोपी के चंगुल से छूटने के बाद पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया और मामले की शिकायत दर्ज कराई।घटना के बाद पीड़िता के पति ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस के माध्यम से पीड़िता को उपचार के लिए सीएचसी रसूलाबाद भेजा।प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।उन्होंने कहा कि बंधक बनाने के आरोप मिथ्या हैं।पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



