रसूलाबाद पुलिस की बड़ी कार्यवाही: दो डीसीएम से 50 पड़वा पड़िया बरामद, चार गिरफ्तार
पशुओं को क्रूरतापूर्वक वाहनों में ठूंस-ठूंस कर भरा गया था, जिन्हें पुलिस ने मुक्त कराया।

रसूलबाद : पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण की दिशा में थाना रसूलाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पहाड़ीपुर स्थित पीएचसी के पास छापामारी कर दो डीसीएम से 50 पड़वा,पड़िया बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
असालतगंज चौकी प्रभारी केशव देव को सूचना मिली थी कि पहाड़ीपुर स्थित पीएचसी के अंदर खड़े दो डीसीएम वाहनों में पशुओं को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है।सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी केशव देव तत्काल मौके पर पहुंचे।पुलिस ने वाहनों की जांच की तो पाया उनमें लगभग 50 पड़वा पड़िया क्रूरतापूर्वक ढंग से ठूंस ठूंस कर भरे गए थे।
चौकी प्रभारी केशव देव ने इसकी सूचना कोतवाल शिवनारायन सिंह को दी।सूचना मिलने पर कोतवाल शिवनारायन सिंह,एस एस आई रामसिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।मौके से दो चालकों और दो क्लीनरों को हिरासत में लिया गया है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।कोतवाल शिवनारायन सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: मंदिर का पता पूछकर महिलाओं को निशाना बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक दबोचा



