रसूलाबाद में तीन मंदिरों से मूर्तियां चोरी,चांदी के मुकुट भी गायब
लोगों में आक्रोश,पुलिस जांच में जुटी
कानपुर देहात। जनपद के रसूलाबाद क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में तीन मंदिरों को निशाना बनाकर मूर्तियां और चांदी के आभूषण पार कर दिए।धार्मिक स्थानों पर लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर शहरवासियों में आक्रोश व्याप्त है।पहली घटना कस्बा रसूलाबाद के विकास नगर वार्ड स्थित दुर्गा मंदिर में हुई।
बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का मुख्य गेट और ताला तोड़कर प्रवेश किया और राधा कृष्ण,भगवान लड्डू की मूर्तियां और चांदी का मुकुट लेकर फरार हो गए।सुबह पूजा करने गए प्रताप नारायण दीक्षित ने मंदिर का ताला टूटा देखा।अंदर जाने पर उन्होंने पाया कि मूर्तियां और मुकुट गायब थे।इस घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मंदिर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
दूसरी घटना शास्त्री नगर के राधा कृष्ण मंदिर में हुई।चोर कृष्ण भगवान की मूर्ति उखाड़कर ले जा रहे थे,तभी बगल में मकान में रहने वाली कृष्णा शर्मा जाग गई।उन्होंने एक युवक को मूर्ति को ले जाते देखा।जैसे ही उन्होंने शोर मचाया और पुलिस बुलाने की बात कही तो युवक गाली गलौज करते हुए मौके से भाग गया।तीसरी घटना राजा दरियावचंद इंटर कॉलेज के सामने स्थित ब्रह्मदेव बाबा देवस्थान की है।जहां से चोरों ने चार घंटियां चोरी कर लीं।लगातार तीन मंदिरों में हुई चोरी से कस्बे में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने रात्रि गस्त बढ़ाने की मांग की है।एक ही रात में तीन मंदिरों में चोरी की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर क्राइम वीरेंद्र बहादुर यादव और वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामसिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल की जांच की पुलिस ने मंदिर परिसर से साक्ष्य एकत्र किए और घटना का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया।



