राजपुर में दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत,एक की मौत दूसरा गंभीर
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।राजपुर थाना क्षेत्र के रमऊ मोड के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे हुई।मृतक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव निवासी 28 वर्षीय रंजीत वर्मा के रूप में हुई है।
रंजीत गुजरात में एक निजी कंपनी में कार्यरत था।वह दीपावली के त्यौहार पर घर आया था।वह शुक्रवार रात कानपुर में अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था।घायल युवक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के सिलहरा गांव निवासी 30 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई।दीपक की पत्नी स्नेहलता ने बताया कि उनके पति दोहरापुर गांव में मेले से खिलौने की दुकान बंद कर अपने घर सिलहरा लौट रहे थे।राजपुर थाना क्षेत्र के रमऊ मोड के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने सामने टक्कर में दोनों बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गए।हादसे के बाद घायलों को ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया।
जहां मौजूद चिकित्सक ने प्रथमिक उपचार के पश्चात दोनों की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।जहां पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत रंजीत को मृत घोषित कर दिया जबकि दीपक कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।रंजीत की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया।रंजीत की एक साल पहले शादी हुई थी।थानाध्यक्ष सनत कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।जबकि घायल का उपचार जारी है।प्रार्थना पत्र मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



