शिवली में कलयुगी पोते ने कैंची घोंपकर की दादा की निर्मम हत्या, आलाकत्ल के साथ वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दादा की हत्या करने वाले कलयुगी पोते को आलाकत्ल (कैंची) के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल, 13 जून 2026 को ग्राम मलिकपुर में प्रताप सिंह (पुत्र स्व० जगन्नाथ) की उनके घर के भीतर हत्या कर दी गई थी

कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दादा की हत्या करने वाले कलयुगी पोते को आलाकत्ल (कैंची) के साथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल, 13 जून 2026 को ग्राम मलिकपुर में प्रताप सिंह (पुत्र स्व० जगन्नाथ) की उनके घर के भीतर हत्या कर दी गई थी, जिसके संबंध में मृतक के भाई भूरा सिंह की तहरीर पर अभियुक्त सूरज सिंह (उम्र करीब 22 वर्ष) पुत्र स्व० गोविन्द सिंह के खिलाफ मु0अ0सं0 209/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल मोहित यादव और रिक्रूट आरक्षी लोकेश कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सटीक सूचना पर अभियुक्त सूरज सिंह को मलिकपुर मोड़ से दबोच लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने कबूला कि माता-पिता की मृत्यु के बाद वह अपने दादा के साथ रहता था, और राशन कम होने व तंगहाली के चलते उपजे विवाद में उसने आवेश में आकर पास रखी कैंची से वृद्ध दादा की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद वह कैंची छिपाकर अपनी बुआ के घर पनकी (कानपुर नगर) भाग गया था और वहां दादा की सीढ़ियों से गिरकर मौत होने का नाटक रचा था। पुलिस ने अभियुक्त की निशांदेही पर घटना में प्रयुक्त कैंची, ₹120 नगद व अन्य सामान बरामद कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।



