कानपुर देहात: अकबरपुर में खंड शिक्षा अधिकारी और प्रधानाध्यापकों की बैठक
निपुण आकलन और डिजिटल उपस्थिति पर जोर, शैक्षणिक गुणवत्ता व विभागीय गतिविधियों की समीक्षा

राजेश कटियार,कानपुर देहात। विकासखंड अकबरपुर में खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विभागीय गतिविधियों का प्रभावी संचालन तथा निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने सेवा संकल्प योजना के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली गतिविधियों को पूरी गंभीरता, समयबद्धता और उच्च गुणवत्ता के साथ संचालित करने के सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से डिजिटल उपस्थिति दर्ज करने, एनबीएमसी पोर्टल पर लॉगिन कर विद्यालय के मुख्य प्रदर्शन सूचकांक की निरंतर समीक्षा करने तथा पठन-पाठन में शिक्षक संदर्शिका एवं शिक्षक डायरी का नियमित प्रयोग सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही बैठक में समग्र प्रगति कार्ड भरने, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण क्लब व महिला स्वच्छता प्रबंधन क्लब की मासिक गतिविधियों के संचालन और उनके अभिलेखीकरण पर विशेष बल दिया गया। आगामी नवंबर माह में प्रस्तावित निपुण विद्यालय आकलन को शत-प्रतिशत पूरा कराने का लक्ष्य तय करते हुए निपुण प्लस ऐप पर आकलन न करने वाले विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित मेडिकल टीम के चिकित्सकों ने संचारी रोगों से बचाव व रोकथाम के उपायों की जानकारी साझा की। इस दौरान एआरपी महाराज सिंह, अमित कुमार तिवारी, ज्ञान बाबू, मेडिकल टीम के डॉक्टर तथा विकासखंड के समस्त प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।



