कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

शर्म से झुक जाएंगी आँखें! देखिए घाटमपुर के इस गाँव की कैसी ‘गंगा’, जहाँ शव यात्रा तक नाली के गंदे पानी से होकर गुजरी

मुख्य मार्ग पर सालों से है जलभराव की समस्या, ग्रामीण आक्रोशित; शव यात्रा की शर्मनाक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल।

कानपुर। कानपुर नगर के घाटमपुर ब्लॉक के ललकीपुरवा गाँव से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने ग्रामीण विकास के दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है। गाँव के मुख्य मार्ग पर नाली का गंदा और बदबूदार पानी भरा होने के कारण, ग्रामीणों को इसी दूषित रास्ते से होकर शमशान घाट के लिए एक शव यात्रा निकालनी पड़ी।

सोशल मीडिया पर इस शव यात्रा की तस्वीरें और वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं, जिसमें शोकसंतप्त लोग कमर तक भरे गंदे नाली के पानी से होकर शव को ले जाने के लिए मजबूर दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह तस्वीर किसी भी संवेदनशील प्रशासन के लिए इससे ज्यादा शर्मनाक नहीं हो सकती।

हर मौसम में जलभराव और मच्छरों का प्रकोप

 

गाँव के लोगों ने बताया कि यह समस्या बरसात निकल जाने के बाद भी बनी हुई है। मुख्य मार्ग पर हमेशा नाली का पानी भरा रहता है, जिससे यहाँ से गुजरना बहुत मुश्किल हो जाता है। इस जलभराव के कारण गाँव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों की मानें तो, बिना बरसात के गाँव का यह हाल है कि शव यात्रा तक को गंदे नाली के पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

ग्राम सचिव और अधिकारियों की चुप्पी

स्थानीय ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या के लिए ग्राम सचिव और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद भी कोई भी जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में बोलने या कोई ठोस कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं है।

सोशल मीडिया पर यह तस्वीर वायरल होने के बाद, लोग सरकार के विकास के दावों की आलोचना कर रहे हैं और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द गाँव के मुख्य मार्ग को जलभराव मुक्त बनाने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

AD
Back to top button