शिवली की आस्था को मिले सम्मान: मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने उठाई साकेत धाम मंदिर के सुंदरीकरण की आवाज़
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को लिखा पत्र, मंदिर परिसर के कायाकल्प की मांग

कानपुर देहात: कानपुर देहात की अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र की सदर विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शिवली नगर पंचायत के लोगों की धार्मिक आस्था को सम्मान देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने शिवली के हृदय स्थल पर स्थित प्राचीन साकेत धाम मंदिर के संरक्षण, पुनरुद्धार और सर्वांगीण सुंदरीकरण की मांग करते हुए, प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को विस्तृत पत्र लिखा है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा मंदिर
मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शिवली नगर पंचायत के नागरिकों द्वारा सौंपे गए प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेते हुए कहा कि साकेत धाम मंदिर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और अटूट श्रद्धा का केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहाँ दर्शन के लिए आते हैं, इसलिए इसका जीर्णोद्धार और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाना समय की मांग है।
उन्होंने अपने पत्र में व्यापक सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, महिला-पुरुष शौचालय और आगंतुकों के लिए बैठने की बुनियादी सुविधाएँ विकसित करने का उल्लेख किया है। साथ ही, उन्होंने मंदिर तक पहुँचने वाले मार्गों को सुगम और सुरक्षित बनाने पर भी ज़ोर दिया है।
रोजगार और सांस्कृतिक विकास
प्रतिभा शुक्ला ने भरोसा व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि साकेत धाम को पर्यटन मानचित्र पर लाने से न केवल क्षेत्र का सामाजिक और सांस्कृतिक विकास होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि उनके ये प्रयास इस धार्मिक धरोहर को और भी भव्य स्वरूप में स्थापित करने की दिशा में समर्पित हैं।
ये भी पढ़े- कानपुर : सर्दियों की पौष्टिक परंपराओं का सामूहिक उत्सव, 11 दिसंबर को होगा ‘लड्डू बाज़ार’



