शिवली पुलिस का बड़ा खुलासा: सरकारी स्कूल से LED स्मार्ट बोर्ड चोरी करने वाला गिरफ़्तार
चोरी की बड़ी वारदातों में शामिल अभियुक्त रामसजीवन को शिवली पुलिस ने अवैध तमंचे और चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया।

कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और खुलासे हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना शिवली पुलिस को आज रात्रि में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामसजीवन (उम्र लगभग 22 वर्ष, निवासी ग्राम अरसदपुर, शिवली) के रूप में हुई है। पुलिस टीम को ये दोनों केशरी निवादा नहर पुल के पास अपनी मोटर साइकिल स्टार्ट करने की कोशिश करते हुए संदिग्ध अवस्था में मिले थे।
अवैध तमंचा और चोरी का माल बरामद
जब पुलिस ने अभियुक्त रामसजीवन की तलाशी ली, तो उसके पास से एक अदद नाजायज तमंचा 32 बोर और दो ज़िंदा कारतूस 32 बोर बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ करने पर, अभियुक्त की निशानदेही पर बन्नापुर सरकारी स्कूल से चोरी किया गया 78 इंच का LED स्मार्ट बोर्ड, तीन बैटरी, एक यूपीएस, गैस सिलेंडर और अन्य सामान बरामद हुआ।
इसके अतिरिक्त, अभियुक्तों ने ट्यूबवेल से नई समरसेबल पंप, तथा कस्बा शिवली के अर्ध-निर्मित मकान से बिजली के तार, एमसीबी बॉक्स और एम्प्लीफायर चोरी करने की बात भी स्वीकार की।
बरामदगी के आधार पर, अभियुक्त रामसजीवन पर थाना शिवली में आर्म्स एक्ट के तहत मुक़दमा अपराध संख्या 336/2025 पंजीकृत किया गया है। साथ ही, दोनों के विरुद्ध चोरी के मामले में मुक़दमा अपराध संख्या 337/2025 और पूर्व में दर्ज मुक़दमा अपराध संख्या 264/2025 में नाम बढ़ाते हुए विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त और बाल अपचारी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।



