उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: सड़क हादसों पर ब्रेक लगाने को RTO सख्त, ओवरलोड डम्परों पर बड़ी कार्रवाई

ओवरलोडिंग पर जीरो टॉलरेंस: 3 डम्पर सीज, 4 का चालान

Story Highlights
  • एआरटीओ सोमलता यादव की चेतावनी: यातायात नियमों का सख्ती से हो पालन

अनस कुरैशी,कानपुर देहात। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और रफ्तार के कहर पर लगाम लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन अब सख्त रुख अपना रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग ने कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस विशेष अभियान की कमान एआरटीओ सोमलता यादव ने संभाली, जिन्होंने अपनी टीम के साथ सुबह-सुबह ही हाईवे पर मोर्चा संभाल लिया।

इस अभियान का मुख्य केंद्र ओवरलोड डम्पर और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहन रहे। चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी करने वाले कुल सात डम्परों पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की। इसमें से तीन डम्परों को मौके पर ही सीज कर विधिक कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया गया, जबकि चार अन्य डम्परों का भारी-भरकम चालान काटा गया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के साथ-साथ मौके पर मौजूद वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। एआरटीओ सोमलता यादव ने चालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अपील की कि सभी चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करें ताकि न केवल हादसे रुकें, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी यह अभियान इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Related Articles

AD
Back to top button