कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: डीसीपी यातायात ने क्रिटिकल कॉरिडोर टीम के साथ किया प्रशिक्षण

कानपुर नगर में दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर ज़ोर

कानपुर नगर: कमिश्नरेट कानपुर नगर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज पुलिस कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने की, जिसमें क्रिटिकल कॉरीडोर टीम (CCT) के सदस्य शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य फोकस सड़क दुर्घटना से संबंधित एफआईआर की विवेचना और यातायात प्रवर्तन उपकरणों के उपयोग पर रहा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेव लाइफ फाउंडेशन और MoRTH (सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय) की रिपोर्टों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को डीजी परिपत्र संख्या 42/25 में दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में बताया गया। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की विवेचना की गुणवत्ता, क्रिटिकल कॉरीडोर टीम (CCT) के कर्तव्यों, तथा यातायात उपकरणों की जानकारी एवं उनका व्यावहारिक उपयोग सिखाया गया।

आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को ई–डीएआर (e-DAR) प्रणाली (दुर्घटना रिपोर्ट) और ऑनलाइन चालान प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) की पहचान करने की प्रक्रिया पर भी बल दिया गया।

बैठक में गोल्डन ऑवर में घायलों को त्वरित सहायता देने की महत्ता और गुड समेरिटन (राहवीर योजना) को प्रोत्साहित करने पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम की जानकारी भी दी गई।

सबसे महत्वपूर्ण, स्टॉकहोम डिक्लेरेशन के बारे में बताते हुए कहा गया कि वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत की कमी लाने के लिए 5E के प्रावधानों (Engineering, Enforcement, Education, Emergency care, Environmental) का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।

बैठक के अंत में, उपायुक्त रवीन्द्र कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि “सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च” प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक बिंदु पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए। अंत में, सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई और किसी भी असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक कण्ट्रोल रूम (9305104340) या ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर (9305104387) पर संपर्क करने के लिए कहा गया।

Related Articles

AD
Back to top button