कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात: डेरापुर तहसील के लेखपाल अविनाश मिश्रा बने जेल अधीक्षक, स्टाफ में खुशी की लहर
अविनाश मिश्रा का पारिवारिक पृष्ठभूमि भी प्रेरणादायक है।

कानपुर देहात। डेरापुर तहसील में तैनात लेखपाल अविनाश मिश्रा का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) परीक्षा में चयन जेल अधीक्षक के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से तहसील स्टाफ और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद के जलिहापुर गांव निवासी अविनाश मिश्रा का चयन वर्ष 2024 में लेखपाल पद पर हुआ था और वर्तमान में वे डेरापुर तहसील में कार्यरत थे। अब उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यूपीपीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर जेल अधीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पद पर चयन प्राप्त किया है।
अविनाश मिश्रा का पारिवारिक पृष्ठभूमि भी प्रेरणादायक है। उनके पिता सरकारी शिक्षक हैं, जबकि माता गृहणी हैं। उनकी छोटी बहन बाल विकास विभाग, अकबरपुर (कानपुर देहात) में कार्यरत हैं। शिक्षा की बात करें तो अविनाश ने प्राथमिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर प्राप्त की। हाईस्कूल झींझक से तथा इंटरमीडिएट सिठमरा से पूरा किया। इसके बाद उन्होंने गौरीशंकर महाविद्यालय, झींझक से स्नातक एवं डी.एल.एड. किया तथा कानपुर विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की।
अविनाश मिश्रा ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और गुरुओं को देते हुए बताया कि उनका सपना बचपन से ही एक बड़ा अधिकारी बनने का था, जिसे उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से पूरा किया। तहसील डेरापुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनकी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



