इश्क की मिली मौत की सजा: पुखरायां में युवक की बेरहमी से हत्या के बाद भारी बवाल, हिंदू संगठनों के हस्तक्षेप पर 6 नामजद
यहाँ प्रेम विवाह करने की कीमत एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

पुखरायां, कानपुर देहात। जनपद के भोगनीपुर थाना क्षेत्र में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ प्रेम विवाह करने की कीमत एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। भोगनीपुर निवासी 22 वर्षीय अवधेश उर्फ मोनू की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि अवधेश ने मोहल्ले की ही एक युवती से हिंदू रीति रिवाज से प्रेम विवाह किया था जिससे युवती के घरवाले खून के प्यासे हो गए थे। आरोप है कि इसी खुन्नस में 18 जनवरी को युवती पक्ष के लोगों ने अवधेश को घेरकर लहूलुहान कर दिया था।
अकबरपुर के निजी अस्पताल में महीनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद आखिरकार 7 अप्रैल को मोनू की सांसें थम गईं। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। करीब 24 घंटे तक घर में लाश रखी रही और माहौल तब और गरमा गया जब विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और गोरक्षा दल के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। हिंदू संगठनों ने इसे सोची-समझी हत्या करार देते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
भीड़ के उग्र तेवर और संगठनों के भारी दबाव के आगे पुलिस को झुकना पड़ा। क्षेत्राधिकारी संजय कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया। पुलिस ने आनन-फानन में युवती पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ हत्या की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिसिया कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। फिलहाल गांव में पुलिस का कड़ा पहरा है और फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: कक्षा एक और दो के लिए आई एनसीईआरटी आधारित आनंदमय गणित



