आंगनबाड़ी के बच्चों को भाषा और गणित सिखाएगा आईआईटी गांधीनगर द्वारा तैयार वंडर बॉक्स : अनन्त त्रिवेदी
ब्लॉक स्तरीय 40 प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण बीआरसी अकबरपुर में संपन्न

कानपुर देहात। आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए आईआईटी गांधीनगर द्वारा तैयार किया गया वंडर बॉक्स बच्चों को खेल खेल में भाषा और गणित सीखने में सहायता प्रदान करेगा। वंडर बॉक्स में दिए गए संख्या कार्ड, अक्षर कार्ड, गणित पेटी, पेग बोर्ड, क्ले, भावना प्रदर्शन कार्ड आदि के माध्यम से बच्चे आपसी संवाद कर भाषा का और गणितीय गतिविधियों के माध्यम से गणित का आधारभूत ज्ञान सहजता से प्राप्त कर लेंगे। इसकी गतिविधियां असीमित हैं और बच्चों को लगातार सोचने के मौके देती हैं। उक्त विचार जनपद स्तरीय संदर्भदाता एसआरजी अनंत त्रिवेदी ने बीआरसी अकबरपुर के सभागार में चल रहे वंडर बॉक्स के दो दिवसीय प्रशिक्षण में ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों के समक्ष रखे।
एसआरजी संत कुमार दीक्षित ने बताया कि वंडर बॉक्स की गतिविधियां न केवल ज्ञान बल्कि उसके अनुप्रयोग पर बल देती हैं। 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए वंडर बॉक्स उनके आयु संगत मानसिक और शारीरिक दक्षता के विकास में सहायक सिद्ध होता है। जिला समन्वयक प्रशिक्षण सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद की 857 कोलोकेटेड आंगनवाड़ी में वंडर बॉक्स पहुंचा दिया गया है। जिला स्तर पर प्रत्येक विकासखंड से चार कुल 40 प्रशिक्षकों को तैयार किया गया है।
इसमें आईसीडीएस विभाग से दो सुपरवाइजर और बेसिक शिक्षा विभाग के दो एआरपी को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। अब यही प्रशिक्षक विकासखंड में सभी नोडल टीचर्स और आंगनबाड़ी को प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान देवेश धर दूबे, महाराज सिंह, ज्ञान बाबू, सरोज, नेहा, मानवेंद्र सिंह, मनोज पाल, श्वेता, प्रियंका, अजय वर्मा हर्षा नागपाल, राखी, ज्योति, अरविंद चौहान, आलोक गुप्ता, दीपा, सीमा, विनय त्रिपाठी, राधा, वर्षा, कुलदीप सैनी, वीरेंद्र सिंह, विजयलक्ष्मी, सविता, शोमिल बाबू, प्रदीप निरंजन, किरन वर्षा, सोनू सिंह, पारुल निरंजन, अंजली, पूजा, डा पंकज शंखवार, नेहा कटियार, स्वाती, कंचन, अंजली शुक्ला, श्वेता बाजपेई, अनामिका, उपासना आदि उपस्थित रहीं।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: कल जिला न्यायालय परिसर में आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत



