कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर ज़ोर, जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

जिलाधिकारी आलोक सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट में जनपदीय स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक आयोजित की गई।

Story Highlights
  • अस्पतालों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, टीकाकरण में तेजी लाने और संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए अभियान चलाने के निर्देश

कानपुर देहात: जिलाधिकारी आलोक सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट में जनपदीय स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मूलभूत सुविधाओं पर जोर

जिलाधिकारी ने सभी अस्पतालों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयां और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों में तेजी लाने पर बल देते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने को कहा।

संक्रामक बीमारियों पर रोकथाम के लिए अभियान

संक्रामक और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी ने सफाई अभियान चलाने और जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंबुलेंस सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने और मरीजों को समय पर आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को अधिकतम लाभ दिलाने की बात कही।

औचक निरीक्षण और जवाबदेही

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सभी एमओआईसी और डिप्टी सीएमओ को विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करने, कमियों को दूर करने और रैंडम चेकिंग करने को कहा गया।

संस्थागत प्रसव और फैमली प्लानिंग पर फोकस

सीएचसी व पीएचसी पर संस्थागत प्रसव बढ़ाने और हाईरिस्क प्रसव की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। जननी सुरक्षा योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने, लापरवाही पर कार्रवाई करने और एसएनसीयू में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया। फैमली प्लानिंग और आभा आईडी जैसे कार्यों को भी लक्ष्य के अनुसार पूरा करने पर जोर दिया गया।

विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा

बैठक में टीकाकरण, टीबी, तंबाकू उन्मूलन, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन जैसे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और दिशा-निर्देश जारी किए गए। तृतीय पक्ष जैसे डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ के सर्वे की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। गत बैठक के निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा भी की गई।

स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। अधिकारियों को जनता को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए गंभीरता और ईमानदारी से कार्य करने को कहा।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन., मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष बाजपेयी, सीएमएस (महिला) वंदना सिंह, सीएमएस (पुरुष) रिजवान अहमद, सभी एमओआईसी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button