दर्दनाक हादसा: पुखरायां में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर युवक की मौत
कानपुर देहात में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के पुखरायां कस्बे के पटेल चौक के पास मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

- परिजनों में मचा कोहराम ,पुलिस कार्यवाही में जुटी
पुखरायां। कानपुर देहात में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के पुखरायां कस्बे के पटेल चौक के पास मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।मृतक की पहचान बरौर थाना क्षेत्र के नेरा कृपालपुर गांव निवासी रामसनेही के 40 वर्षीय पुत्र ओंकार के रूप में हुई है।
ओंकार मंगलवार को किसी कार्य से पुखरायां आए थे कि तभी पटेल चौक पर हाइवे पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने आनन फानन में उन्हें उपचार के लिए पुखरायां सीएचसी में भर्ती कराया।जहां पर हालत गंभीर देख उन्हें प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी होने पर चौकी प्रभारी शोभित कटियार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।फरार चालक की तलाश की जा रही है।तहरीर मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



