कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह ने किया ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा और सफाई पर दिया विशेष जोर
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जांची गई सीसीटीवी व्यवस्था, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

कानपुर देहात: कानपुर देहात में मुख्य निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत प्रशासनिक सतर्कता और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी कपिल सिंह ने ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, रखरखाव और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी गाइडलाइंस का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और नियमित अंतराल पर वेयरहाउस की सभी तकनीकी व सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए। परिसर में साफ-सफाई और कैमरों की निगरानी पर चौबीसों घंटे विशेष ध्यान देने की हिदायत दी गई।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी गिरवर प्रसाद मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके साथ ही लोकतंत्र की पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए, जिनमें भारतीय जनता पार्टी से श्यामू शुक्ला, समाजवादी पार्टी से शेखू खान, कांग्रेस पार्टी से गोविंद यादव और भारतीय समाजवादी पार्टी से आशुतोष गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सुरक्षाकर्मी और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढे- रसूलाबाद पुलिस की बड़ी कार्यवाही: दो डीसीएम से 50 पड़वा पड़िया बरामद, चार गिरफ्तार



