छठ पूजा की तैयारियों में जुटा प्रशासन: डीएम ने नहरों का निरीक्षण कर दिए सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े निर्देश
छठ पूजा महापर्व को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह ने आज पनकी नहर, अरमापुर नहर और सीटीआई नहर सहित जनपद के प्रमुख पूजा स्थलों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक तथा कड़े दिशा-निर्देश जारी

कानपुर। छठ पूजा महापर्व को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) जितेन्द्र प्रताप सिंह ने आज पनकी नहर, अरमापुर नहर और सीटीआई नहर सहित जनपद के प्रमुख पूजा स्थलों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक तथा कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर बनेंगे, निगरानी होगी सीसीटीवी से
डीएम ने सबसे महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के समस्त प्रमुख पूजा स्थलों पर एक ‘इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर’ स्थापित किया जाए। इन केंद्रों में पुलिस, केस्को, नगर निगम, सिंचाई, जल निगम और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल समन्वय स्थापित कर कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख छठ पूजा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही, बेहतर समन्वय के लिए ‘पब्लिक एड्रेस सिस्टम’ (पीए सिस्टम) भी लगाया जाए।
स्वास्थ्य एवं सफाई पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा स्थलों पर अनिवार्य रूप से मेडिकल कैंप लगाए जाएं तथा अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट करते हुए ‘एक्टिव मोड’ पर रखा जाए।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पूजा स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। अपर नगर आयुक्त को निर्देशित किया गया कि छठ पूजा के दौरान पर्याप्त सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए और सभी स्थलों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था तथा विद्युत बैकअप भी सुनिश्चित हो।
बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
केस्को अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी स्थलों पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए तथा लटकते हुए बिजली के तारों को तत्काल ऊँचा कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
पार्किंग, टॉयलेट और ग्रामीण क्षेत्र की व्यवस्था
डीएम ने अपर जिलाधिकारी नगर को सभी छठ पूजा स्थलों पर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट एवं नोडल अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली छठ पूजा के लिए भी संबंधित अधिकारियों को विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



