कानपुर देहात में डीजे वाहन की टक्कर से मकान की दीवार गिरने से घायल मजदूर की मौत
परिजनों में मचा कोहराम,बारात निकासी के दौरान हुआ था हादसा, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात के सट्टी थाना क्षेत्र के अफ़सरिया की मड़ैया गांव में बीते बुधवार की रात एक डीजे वाहन की टक्कर से मकान की दीवार गिरने से घायल मजदूर की गुरुवार को कानपुर हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।हादसे में कुल सात लोग घायल हुए थे।पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया।
पुलिस ने हादसे में शामिल डीजे वाहन को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।मृतक की पहचान 55 वर्षीय गिरजाशंकर के रूप में हुई है।घटना बुधवार रात करीब 10 बजे अफसरिया की मड़ैया गांव में हुई।गांव निवासी रामकिशोर के बेटे राजू की बारात निकासी के दौरान डीजे लदा एक लोडर वाहन लालाराम के जर्जर मकान की दीवार से टकरा गया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवार ढह गई।हादसे में बारात निकासी देख रहे रामकिशोर के पड़ोसी मजदूर गिरजाशंकर,समेत उनके परिवार के शिवम्,तनिष्क,अमृता,शैकी, मंटोले और दीपक समेत सात लोग मलबे में दबकर घायल हो गए।ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया।
जहां पर गंभीर रूप से घायल गिरजाशंकर को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जहां से उन्हें कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।गुरुवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।गिरजाशंकर की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी देवनारायण द्विवेदी ने बताया कि हादसे में शामिल लोडर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।फरार चालक की तलाश की जा रही है।परिजनों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



