कानपुर देहात: थाना समाधान दिवस पर एसडीएम मैथा ने सुनीं जनसमस्याएं, वकीलों ने जमीन पर कब्जे को लेकर सौंपा शिकायती पत्र
शिवली थाने में समाधान दिवस आयोजित, एसडीएम कोर्ट के आदेश के बाद भी खेत जोतने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

कानपुर देहात के शिवली थाने में शनिवार को एसडीएम मैथा राजकुमार पांडेय की अध्यक्षता में ‘थाना समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने जनता की समस्याओं को सुना। समाधान दिवस में कुल 6 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से एक मामले का साक्ष्यों के आधार पर मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के लिए टीम गठित कर समयबद्ध जांच के निर्देश दिए गए।
अधिवक्ताओं ने घेरा थाना, कब्जे का लगाया आरोप
समाधान दिवस के दौरान उस समय माहौल गर्मा गया जब अधिवक्ता गौरव त्रिवेदी एक दर्जन से अधिक वकीलों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि ग्राम फंदा में उनकी पैतृक जमीन है, जिसका मामला वर्तमान में एसडीएम कोर्ट मैथा में विचाराधीन है। आरोप है कि कोर्ट द्वारा ‘यथास्थिति’ (Status Quo) बनाए रखने के आदेश के बावजूद कुछ दबंग लोग खेत की जुताई कर कब्जा करने पहुंच गए। विरोध करने पर अधिवक्ताओं के साथ तीखी बहस भी हुई।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवली थाना प्रभारी प्रवीण यादव ने बताया कि जमीन से जुड़े इस विवाद की गहनता से जांच की जा रही है। राजस्व टीम के साथ समन्वय बनाकर कोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।



