कानपुर देहात: मिशन शक्ति 5.0 के तहत ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ की गूंज, टूटने से बचे 4 परिवार, खुशी-खुशी साथ रहने को राजी हुए पति-पत्नी
शेष बचे प्रार्थना पत्रों पर दोनों पक्षों को सोच-विचार के लिए दी गई आगे की तिथि।

कानपुर देहात: महिला सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण को समर्पित ‘मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)’ अभियान के तहत कानपुर देहात पुलिस ने एक बार फिर बिखरते परिवारों को संबल देने का सराहनीय काम किया है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अनूठी पहल के जरिए उन परिवारों को फिर से एक सूत्र में पिरोने का प्रयास किया गया, जो आपसी मनमुटाव के कारण टूटने की कगार पर थे।
परामर्शदाताओं की समझाइश से दूर हुई तल्खियां
इस विशेष काउंसलिंग सत्र में वैवाहिक और पारिवारिक विवादों से संबंधित कुल 52 मामले सामने आए। प्रोजेक्ट नई किरण के अनुभवी सदस्यों और पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना। गहन काउंसलिंग और सकारात्मक समझाइश का असर यह हुआ कि 4 परिवारों में सालों से चली आ रही तल्खियां दूर हो गईं और वे आपसी सहमति से समझौता करने को तैयार हो गए।
एक-दूसरे को माला पहनाकर घर रवाना हुए जोड़े
समझौते के बाद चारों दंपती पुरानी कड़वाहट भूलकर एक बार फिर खुशी-खुशी साथ रहने के लिए राजी हो गए। पुलिस लाइन से विदा होते समय उनके चेहरों पर एक नई शुरुआत की चमक साफ देखी जा सकती थी। इस दौरान जो मामले आपसी सहमति तक नहीं पहुंच सके, उनमें दोनों पक्षों को अपनी बात रखने और विचार करने के लिए आगे की तारीख दी गई है ताकि उन्हें सुधार का एक और मौका मिल सके।
इनका रहा विशेष योगदान
पारिवारिक विवादों के इस सफल और संवेदनशील निस्तारण में थानाध्यक्ष सुषमा, महिला कांस्टेबल नीतू, महिला कांस्टेबल कु0 रीनू, महिला कांस्टेबल शालू देवी, महिला कांस्टेबल रंजना सोनकर, महिला कांस्टेबल पूनम सागर, महिला कांस्टेबल पिंकी देवी (महिला सहायता प्रकोष्ठ) के साथ-साथ प्रोजेक्ट नई किरण की सम्मानित सदस्य कंचन मिश्रा, डॉ0 पूनम गुप्ता और राम प्रकाश का विशेष व सराहनीय योगदान रहा।
ये भी पढे- मिशन शक्ति 5.0: प्रोजेक्ट नई किरण से फिर मुस्कुराए छह परिवार, आपसी सहमति से साथ रहने को हुए तैयार



