कानपुर देहात में कल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का तूफानी दौरा: स्वागत में नहीं चलेगा कारों का काफिला, कड़े निर्देश जारी
रायपुर बॉर्डर पर होगा भव्य स्वागत, माती जिला कार्यालय में पदाधिकारियों संग बैठक और पुखरायां में अहिल्याबाई होलकर जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल।

कानपुर देहात: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कल यानी 7 जून 2026 को कानपुर देहात के एक दिवसीय तूफानी दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस संगठनात्मक और महत्वपूर्ण दौरे को लेकर जिले के भाजपाइयों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष कल सुबह 11:00 बजे रायपुर सीमा से कानपुर देहात जनपद में प्रवेश करेंगे। यहां क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और जिला अध्यक्ष रेणुका सचान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस स्वागत समारोह को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने कार्यकर्ताओं को सख्त हिदायत दी है कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कारों का कोई लंबा काफिला नहीं चलेगा। सभी कार्यकर्ताओं को जिस-जिस स्थान की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे वहीं मुस्तैद रहकर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
रायपुर में स्वागत के बाद प्रदेश अध्यक्ष सीधे अकबरपुर पहुंचेंगे, जहां वे पूर्व विभाग संघचालक रंजन लाल मिश्र के आवास पर जाकर उनसे शिष्टाचार भेंट करेंगे। इसके बाद वे माती स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेंगे, जहां जिला पदाधिकारियों, मोर्चों के अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक करेंगे।
माती की बैठक संपन्न होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पुखरायां जाएंगे। वहां वे लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद पुखरायां की विदुर कुटी में आयोजित अहिल्याबाई होलकर जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



