कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

भीषण टक्कर: रनियां के पास DCM ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत; दो घायल

शादी से लौट रहे डेरापुर निवासी गनपत की मेडिकल कॉलेज में हुई मृत्यु, परिवार में मचा कोहराम

कानपुर देहात। कानपुर देहात के रनियां थाना क्षेत्र स्थित उमरन के समीप कानपुर से अकबरपुर जाने वाली लेन पर आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार डीसीएम (DCM) ने बाइक पर सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस को सूचना मिलते ही उप निरीक्षक इंद्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहाँ डॉक्टरों ने घायलों में से एक, डेरापुर थाना क्षेत्र के दुर्जन पुरवा बिहारी गांव निवासी गनपत (उम्र करीब 40 साल) को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो सहकर्मियों, गांव के ही महेश और जीतू पुत्रगण जयराम का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

शादी समारोह से लौट रहे थे मृतक

मृतक गनपत के भाई राजकिशोर ने बताया कि गनपत नबीपुर में मूंगफली और केला बेचने के साथ-साथ शादी पार्टियों में वेटर का काम भी करता था। बुधवार देर रात वह कानपुर स्थित एक शादी समारोह में काम करने के बाद अपने सहकर्मियों के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रनियां थाना क्षेत्र के उमरन के पास ही उनकी बाइक को तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी।

घटना की जानकारी जब मृतक के घर पहुंची तो उनकी मां मैकिन देवी, पत्नी आभा देवी, तथा बच्चों—गगन, वैदिक, आदित्य और पुत्री गुंजन का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रभारी थानाध्यक्ष रनियां इंस्पेक्टर रीना गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

AD
Back to top button