कानपुर देहात: खाकी के नए नायकों ने भरी देश सेवा की हुंकार पुलिस लाइन में गूंजी कर्तव्य की शपथ
डीआईजी शहाब रशीद खाँ ने ली भव्य दीक्षांत परेड की सलामी मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण

सुशील त्रिवेदी, कानपुर देहात: रिजर्व पुलिस लाइन कानपुर देहात के प्रांगण में रविवार को रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 का अत्यंत गरिमामय और भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर अपने कठिन प्रशिक्षण को पूरा करने वाले नवनियुक्त आरक्षियों ने अनुशासन और जोश के साथ शानदार परेड का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक यू.पी.-112 लखनऊ शहाब रशीद खाँ रहे जिन्होंने परेड की सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण कर उनकी सलामी स्वीकार की।
समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त होने का आह्वान किया। प्रशिक्षण की विस्तृत आख्या अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद द्वारा प्रस्तुत की गई जिसके उपरांत मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूटों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश की सेवा और जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार जताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्षेत्राधिकारी लाइन्स प्रिया सिंह की विशेष भूमिका रही। इस दौरान पुलिस लाइन का परिसर नए आरक्षियों के गौरवान्वित परिजनों और स्थानीय नागरिकों की भारी उपस्थिति से सराबोर रहा।



