कानपुर देहात: बरौर पुलिस और एसटीएफ ने 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोचा
अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए, बरौर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने प्रतापगढ़ में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।

कानपुर देहात– अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए, बरौर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने प्रतापगढ़ में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी शैलेंद्र सिंह उर्फ भगत, जो प्रतापगढ़ के दिलीपपुर थाना क्षेत्र का निवासी है, बरौर इलाके में छिपा हुआ है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे एसटीएफ प्रयागराज और बरौर पुलिस ने निगोही रोड पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र सिंह को धर दबोचा। हालांकि, उसका एक साथी मौका पाकर फरार होने में कामयाब रहा।
थानाध्यक्ष अमिता वर्मा ने बताया कि आरोपी शैलेंद्र सिंह उर्फ भगत प्रतापगढ़ के एक हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद, आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी को अपराध रोकने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।



