चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ चार पार पहुंचा तापमान
तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को चार डिग्री सेल्सियस की बढोतरी के साथ पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

अमन यात्रा,कानपुर देहात : तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को चार डिग्री सेल्सियस की बढोतरी के साथ पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं लू के थपेड़ों ने भी लोगों को खासा परेशान किया।
गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना दूभर हो रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे लोगों आवागमन करने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी के कारण अकबरपुर, रूरा, शिवली, डेरापुर सहित अन्य कस्बों में सन्नाटा छाया रहा है। वहीं जो लोग आवश्यक कार्य से घर से निकले भी वह भी पानी व छांव तलाशते रहे।
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कई वर्षों बाद तापमान में इतनी बढ़ोतरी हुई है। मार्च व अप्रैल माह में कभी भी 40 के पार पारा नहीं गया है, लेकिन इस बार तापमान में हुई बढ़ोतरी ग्रीन हाउस गैसों के प्रभाव के कारण है। वहीं आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि सप्ताह के अंत में आसमान में बदली छाने से कुछ राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन इसके बाद भी फिर से तापमान बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि मई व जून में तापमान 45-50 डिग्री सेल्सियस के मध्य पहुंचने की प्रबल संभावना है।



